बांदा में UPI शुल्क के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मंत्री के आवास पर जताया विरोध

बांदा में यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित नए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद के इंदिरा नगर स्थित आवास पहुंचे और प्रस्तावित शुल्क का विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की और प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री रामकेश निषाद को दो हजार रुपये मूल्य की पूजन सामग्री भी भेंट की और इसके माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि पार्टी का मानना है कि यूपीआई भुगतान पर शुल्क लगाए जाने से आम नागरिकों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने प्रस्तावित शुल्क को वापस लेने और छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि इस मुद्दे पर सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कांग्रेस अपना विरोध जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को आगे भी उठाएगी।
प्रदर्शन में कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष सीमा खान एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष प्रो. संजय द्विवेदी दनादन, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सत्य प्रकाश द्विवेदी एडवोकेट, महासचिव शोएब रिजवी, कालीचरण निगम, अमित तिवारी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मोहन साहू, अंसार भाई सिद्दीकी एडवोकेट, जिला सचिव हेमंत वर्मा, बाबूराम यादव, शिवपूजन तिवारी, आरिफ निजामी, सुखलाल वर्मा और लालबाबू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Poonam Report



