उत्तर प्रदेशबड़ी खबरबाँदा

चित्रकूटधाम मंडल में लंपी बीमारी की रोकथाम के लिए सघन टीकाकरण के निर्देश

बांदा में चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने मंडल के चारों जिलों बांदा, महोबा, चित्रकूट और हमीरपुर में लंपी स्किन डिजीज यानी एलएसडी के संक्रमण की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को प्रभावित गोवंश का सघन रिंग वैक्सीनेशन कराने और संक्रमण को स्थानीय स्तर पर नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है।

आयुक्त ने बताया कि लंपी स्किन डिजीज गोवंश में होने वाला विषाणुजनित संक्रामक रोग है। इसके संक्रमण को मच्छर, मक्खी और अन्य वाहक प्रभावित पशुओं से दूसरे पशुओं तक पहुंचा सकते हैं। इसी को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में रोकथाम, उपचार और आवश्यक सावधानियों के साथ बड़े स्तर पर टीकाकरण कराने पर जोर दिया गया है।

उन्होंने पशुपालन, ग्राम विकास और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा गौशाला संचालकों के साथ नियमित जागरूकता बैठकें आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही एलएसडी वैक्सीन की उपलब्धता और कोल्डचेन व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने को कहा गया है।

अधिकारियों को प्रत्येक जिले में कुल गोवंश, प्रभावित पशुओं, उपचारित पशुओं, उपचाराधीन पशुओं और मृत गोवंश का आंकड़ा तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इससे बीमारी की स्थिति की नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई में मदद मिलेगी।

आयुक्त ने सूचना विभाग को प्रेस और जिला प्रशासन के सोशल मीडिया माध्यमों से लंपी स्किन डिजीज से बचाव, रोकथाम, उपचार और सावधानियों के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। पैरावेट, पशुमित्रों और प्रशिक्षित पशु सखियों को भी टीकाकरण अभियान में शामिल करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।

संक्रमण की रोकथाम और टीकाकरण अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी विशेष जिम्मेदारी दी गई है। आयुक्त ने संबंधित विभागों को सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button