कानपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे, गणेश विसर्जन को लेकर घाटों पर सुरक्षा बढ़ी

कानपुर। कानपुर नगर में सोमवार को गंगा का जलस्तर खतरे और चेतावनी बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.58 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 112.89 मीटर दर्ज हुआ। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के चलते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
कानपुर बैराज पर चेतावनी स्तर 114 मीटर और खतरे का निशान 115 मीटर निर्धारित है। वहीं शुक्लागंज में चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है। सोमवार को शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 111.73 मीटर दर्ज किया गया। कानपुर बैराज से 1,87,750 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
इसके अलावा हरिद्वार बैराज से 59,403 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 31,900 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई है। प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
गणेश विसर्जन को देखते हुए शहर के प्रमुख घाटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिसकर्मियों के साथ गोताखोरों और नावों की भी व्यवस्था रखी गई है।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को घाटों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घाटों पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर भी नजर रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करने और घाटों पर बनाई गई सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
Poonam Report



