अमेठी में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत

अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के खेरौना गांव निवासी 35 वर्षीय विद्याशंकर प्रजापति की हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रविवार शाम की बताई गई है। युवक खेत के किनारे बाड़ लगाने के लिए कटीली झाड़ियां काटने के लिए घर से निकला था।
जानकारी के अनुसार, विद्याशंकर रविवार शाम करीब पांच बजे कुल्हाड़ी लेकर घर से निकले थे। वह आवारा पशुओं से फसल की सुरक्षा के लिए खेत के किनारे कटीली झाड़ियां एकत्र कर रहे थे। इसी दौरान बाईपास के किनारे कम ऊंचाई से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार को परिजन सड़क किनारे पहुंचे तो युवक का शव वहां मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र के अनुसार, प्रथम दृष्टया पेड़ की हरी डाल के विद्युत तार के संपर्क में आने से हादसा होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिवार में मातम है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली के तार की ऊंचाई को लेकर चिंता जताई है और विद्युत विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
Poonam Report



