दादरी में ट्रेन की चपेट में आने से 33 वर्षीय युवक की मौत

नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र में अजायबपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद दादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 33 वर्षीय सुरेश अहिरवार के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के मूल निवासी थे। थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना अजायबपुर रेलवे स्टेशन के पास हुई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार सुरेश रेलवे पटरी पार कर रहे थे, इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Poonam Report



