Delhi News: दिल्ली में छठे दिन भी चला MCD का बुलडोजर, कई इलाकों में गिराए गए अवैध निर्माण

Alisba
दिल्ली नगर निगम के अनुसार अभी एक हजार के करीब स्थानों पर संपत्तियां चिह्नित कर रखी है। जिनके खिलाफ तोड़-फोड़ का अभियान जारी रहेगा। बता दें कि अवैध निर्माण के खिलाफ शुरू हुआ निगम का अभियान छठे दिन सोमवार को भी जारी रहा। खेतों में घर बनाकर कॉलोनियों काटने वालों के खिलाफ निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बीते सप्ताह से अवैध निर्माण के खिलाफ शुरू हुआ निगम का अभियान छठे दिन सोमवार को भी जारी रहा। खेतों में घर बनाकर कॉलोनियों काटने वालों के खिलाफ निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है।
इन इलाकों में हुई तोड़फोड़
बाहरी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली, मध्य दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अवैध निर्माण को लेकर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। साथ ही जरुरत के हिसाब से निगम ने सीलिंग की कार्रवाई भी की। निगम के अनुसार, अभी एक हजार के करीब स्थानों पर संपत्तियां चिह्नित कर रखी है। जिनके खिलाफ तोड़-फोड़ का अभियान जारी रहेगा।
दिल्ली नगर निगम ने सोमवार को दक्षिणी क्षेत्र के वार्ड नंबर 158 फतेहपुर बेरी के डेरा मांडी इलाके में तीन अवैध निर्माण ध्वस्त किए। आया नगर वार्ड के तहत एक संपत्ति को अवैध निर्माण के चलते सील भी किया गया। इसके साथ ही साकेत के एल ब्लाक डीडीए फ्लैट, हौज खास के गौतम नगर, पंपोश एनक्लेव के साथ ही ग्रेटर कैलाश -1 में एक-एक अवैध निर्माण को गिराया गया।
कैलाश पार्क इलाके में भी चला बुलडोजर
इसी प्रकार सदर पहाड़गंज वार्ड के तहत सराय रोहिल्ला के पदम नगर,फाटक राशिद खान जोगीवारा में अवैध निर्माण को सील किया गया। निगम के नजफगढ़ क्षेत्र के महिपालपुर वार्ड एवं राजनगर वार्ड के पालम कॉलोनी में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। करोल बाग जोन में मोतीनगर के कैलाश पार्क इलाके में अनाधिकृत निर्माण को सील किया एवं 1 निर्माण को ध्वस्त किया।