उत्तर प्रदेशगोरखपुरबड़ी खबर

गोरखपुर में एसएसपी ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को दिए जरूरी निर्देश

गोरखपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और एकरूपता का जायजा लिया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को बेहतर फिटनेस और अनुशासन बनाए रखने के साथ अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

परेड की शुरुआत पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ के साथ हुई। इसके बाद टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की सक्रियता, अनुशासन, आपसी समन्वय और ड्रिल की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां आवश्यक सुधार की जरूरत दिखाई दी, वहां संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

परेड के दौरान एसएसपी ने पुलिस की विभिन्न इकाइयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यूपी-112, परिवहन शाखा और श्वान दल सहित अन्य इकाइयों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्व पूरी तत्परता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निभाने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने और ड्यूटी के दौरान बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमित परेड के माध्यम से पुलिस बल में अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक दक्षता को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन्स, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Poonam Report

Related Articles

Back to top button