झांसी पुलिस ने बरामद किए 204 गुम मोबाइल, 39.50 लाख रुपये कीमत के फोन लौटाए

झांसी। जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में झांसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न मामलों में गुम हुए 204 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी विकास कुमार ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
एसएसपी विकास कुमार के निर्देशन में गुम मोबाइल की बरामदगी के लिए स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। पुलिस के अनुसार जिले के अलग-अलग थानों में लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन की तलाश शुरू की और 204 मोबाइल बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि मोबाइल की तलाश में CEIR पोर्टल और IMEI नंबर की मदद ली गई। तकनीकी निगरानी के जरिए गुम हुए मोबाइलों से संबंधित जानकारी जुटाई गई, जिसके बाद अलग-अलग स्थानों से फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार मोबाइल बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस लाइन सभागार में मोबाइल लेने के लिए करीब 50 से 60 लोग पहुंचे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गुम हुए मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाना है।
Poonam Report



