बागपत के आईपीएस कॉलेज में भूकंप आपदा को लेकर मॉकड्रिल, छात्रों को सिखाए गए बचाव के तरीके

बागपत में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को आईपीएस कॉलेज में भूकंप जैसी आकस्मिक आपदा को लेकर मॉकड्रिल आयोजित की गई। फायर यूनिट और कोतवाली बागपत पुलिस की संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉलेज के छात्रों और स्टाफ को आपात स्थिति में सुरक्षित रहने और बचाव कार्यों के बारे में जानकारी दी गई।
मॉकड्रिल के दौरान भूकंप आने की स्थिति का दृश्य तैयार किया गया और भवन के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। पुलिस और फायर यूनिट की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए लोगों को बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया समझाई।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश पर आयोजित इस अभ्यास के दौरान फायर यूनिट के अधिकारियों ने छात्रों और कॉलेज स्टाफ को आपदा के समय सावधानी बरतने की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि भूकंप जैसी स्थिति में घबराने के बजाय संयम बनाए रखना और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है।
मॉकड्रिल में आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों के सही इस्तेमाल, पुलिस और फायर विभाग के बीच समन्वय तथा त्वरित कार्रवाई पर भी जोर दिया गया। अभ्यास का उद्देश्य किसी वास्तविक आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने की तैयारी करना था।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा पुलिस और फायर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मॉकड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के दौरान बचाव और सुरक्षा के व्यावहारिक तरीकों से परिचित कराया गया।
Poonam Report



