
नई दिल्ली। राजधानी में हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान मीडिया कवरेज और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन कवर करने वाले पत्रकारों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने पत्रकारों से वैध पहचान पत्र साथ रखने और उसे स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने की सलाह दी है, ताकि प्रदर्शन स्थल पर कानून-व्यवस्था संभाल रहे सुरक्षाकर्मी मीडिया कर्मियों की पहचान आसानी से कर सकें।
एडवाइजरी के अनुसार प्रदर्शन की कवरेज के लिए मौके पर जाने वाले पत्रकारों को अपने संबंधित संस्थान की ओर से जारी वैध पहचान पत्र साथ रखना होगा। इसके अलावा जिन पत्रकारों के पास वैध PIB या DIP मान्यता कार्ड है, वे उसे भी साथ रख सकते हैं। पुलिस ने पहचान पत्र को ऐसी जगह प्रदर्शित करने की सलाह दी है, जहां वह सुरक्षाकर्मियों को साफ दिखाई दे।
दिल्ली पुलिस ने पत्रकारों से यह भी कहा है कि कवरेज के दौरान उनकी मौजूदगी या गतिविधियों से पुलिस की कार्रवाई अथवा सुरक्षाकर्मियों की आवाजाही में किसी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए। तनावपूर्ण स्थिति में पत्रकारों को घटनास्थल से उचित और सुरक्षित दूरी बनाए रखकर कवरेज करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने यह भी कहा है कि पत्रकारों को ऐसी जगह खड़ा होना चाहिए, जहां उनकी पहचान प्रदर्शनकारियों से अलग और स्पष्ट रूप से हो सके। इससे मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों को पत्रकारों की पहचान करने में आसानी होगी और कवरेज के दौरान अनावश्यक भ्रम की स्थिति से बचा जा सकेगा।
यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी हुई है जब हालिया प्रदर्शन की कवरेज के दौरान कुछ महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। दिल्ली पुलिस ने इन शिकायतों को जांच के लिए क्राइम ब्रांच को भेजने की जानकारी दी है। आरोपों की जांच अभी जारी है।
दिल्ली पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में पत्रकारिता के दौरान सुरक्षा और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया है। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन स्थल पर स्पष्ट पहचान, सुरक्षित दूरी और कानून-व्यवस्था में बाधा न डालना महत्वपूर्ण है।
Poonam Report.



