उत्तर प्रदेशबड़ी खबरवाराणसी

वाराणसी में MLC नामांकन के दौरान भीषण जाम, करीब 1000 वाहनों से कई मार्गों पर थमा यातायात

वाराणसी। स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव के नामांकन के दौरान सोमवार को प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। नामांकन के लिए आए प्रत्याशियों के काफिले और समर्थकों के करीब 1000 कारों व दोपहिया वाहनों के चलते कचहरी, फुलवरिया, हॉकी चौराहा, जेपी मेहता रोड और वरुणा पुल सहित कई इलाकों में वाहनों का दबाव बढ़ गया।

दोपहर के समय फुलवरिया फोरलेन स्थित हॉकी चौराहा और आसपास के मार्गों पर यातायात की रफ्तार काफी धीमी हो गई। कचहरी से लेकर मिंट हाउस और नदेसर तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। यातायात पुलिस और कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालने का प्रयास किया, लेकिन बड़ी संख्या में वाहनों के कारण राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रथयात्रा-महमूरगंज मार्ग पर भी जाम की स्थिति रही। यहां मल्लिकार्जुन मंदिर के पास सड़क पर बिना पूर्व सूचना के गड्ढा खोदे जाने से यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा सड़क किनारे अवैध पार्किंग ने भी परेशानी बढ़ाई। पुलिस ने गड्ढा खोदने वाले ठेकेदार को हिरासत में लिया और कार्रवाई की बात कही गई।

महमूरगंज आकाशवाणी से ककरमत्ता और मंडुवाडीह-महमूरगंज फ्लाईओवर तक वाहनों की रफ्तार धीमी रही। स्थिति ऐसी रही कि सामान्य तौर पर करीब 10 मिनट में पूरी होने वाली दूरी तय करने में 35 से 40 मिनट तक लग गए। दोपहर में स्कूली बसों की आवाजाही और स्कूलों की छुट्टी के समय बढ़े यातायात दबाव से भी स्थिति और कठिन हो गई।

शहर में पितृ विसर्जन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों का दबाव भी बना हुआ था। इसके बीच एमएलसी नामांकन के लिए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के काफिले आने से कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। मंडुवाडीह, फुलवरिया, हॉकी चौराहा, सनबीम वरुणा मार्ग, जेपी मेहता रोड और कचहरी क्षेत्र में पुलिस को अतिरिक्त बल लगाना पड़ा।

कैंट-लहरतारा मार्ग पर चौड़ीकरण और नाली निर्माण का काम भी यातायात को प्रभावित कर रहा है। सड़क पर निर्माण सामग्री और दुर्गा पूजा पंडालों के कारण इस मार्ग पर भी वाहनों की गति धीमी रही। यातायात विभाग के अनुसार नामांकन के साथ अन्य कारणों से अचानक वाहनों का दबाव बढ़ा, जिसके बाद यातायात पुलिस और थानों की अतिरिक्त फोर्स लगाकर जाम को नियंत्रित किया गया।

Poonam Report.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button