मुरादाबाद में माध्यमिक शिक्षकों की लंबित मांगों पर आदेश जारी, प्रस्तावित धरना स्थगित

मुरादाबाद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) की विभिन्न लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। इसके बाद संघ ने 24 सितंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को स्थगित कर दिया है।
संघ के जिला मंत्री पुष्पेश मिश्रा के अनुसार शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन दिया गया था। मांगों का निस्तारण नहीं होने की स्थिति में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। इसी बीच कार्यालय की ओर से लंबित मांगों के निस्तारण संबंधी आदेश जारी कर दिए गए।
बताया गया कि शिक्षकों की अधिकांश मांगों पर कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इनमें एनपीएस की राशि को संबंधित खातों में स्थानांतरित करना, पुरानी पेंशन में शामिल किए जाने वाले शिक्षकों की एनपीएस राशि को भविष्य निधि खाते में स्थानांतरित करना, शिक्षकों और शिक्षिकाओं के विभिन्न लंबित अवशेषों का भुगतान तथा मूल्यांकन पारिश्रमिक का भुगतान शामिल है।
इसके अलावा व्यवसायिक शिक्षकों के लंबित मासिक वेतन का भुगतान कराने की प्रक्रिया भी पूरी किए जाने की जानकारी दी गई है। इन कार्रवाइयों के बाद शिक्षक संघ ने प्रस्तावित धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।
संघ के जिला मंत्री पुष्पेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षकों की एकजुटता और जागरूकता के कारण उनकी समस्याओं के समय से निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी है। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के समाधान से शिक्षकों को राहत मिलेगी।
Poonam Report



