लखनऊ। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर मंगलवार को जनता दर्शन का आयोजन किया गया।

लखनऊ। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर मंगलवार को जनता दर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए सैकड़ों फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उप मुख्यमंत्री के सामने रखीं। ब्रजेश पाठक ने लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में इलाज से जुड़ी समस्या, आर्थिक सहायता, प्रशासनिक कार्रवाई, पुलिस, राजस्व, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें लेकर लोग पहुंचे थे। उप मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल बातचीत कर पात्र मामलों में जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जरूरतमंद लोगों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनते हुए पात्र मामलों में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन में अपनी समस्याएं सीधे उप मुख्यमंत्री के सामने रखने और कार्रवाई के निर्देश मिलने के बाद कई फरियादियों ने समाधान की उम्मीद जताई। लोगों ने कहा कि अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश मिलने से उन्हें अपनी समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा मिला है।
Poonam Report



