जौनपुर में नवजात की मौत के बाद निजी अस्पताल सील, जांच शुरू

जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में प्रसव के दौरान नवजात की मौत और प्रसूता की हालत बिगड़ने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने एक निजी अस्पताल को सील कर दिया। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की और प्रारंभिक जांच में कई खामियां मिलने के बाद अस्पताल के मुख्य गेट और शटर पर सील लगा दी।
मिठनेपुर गांव निवासी अंकित यादव के अनुसार, उनकी पत्नी सुनीता यादव को सोमवार रात प्रसव पीड़ा होने पर खुटहन स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं था और अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा प्रसव कराया गया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई और प्रसूता की हालत भी बिगड़ गई। सुनीता को उपचार के लिए जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद अंकित यादव ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर अस्पताल संचालक और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगा राम गौतम ने जांच टीम गठित की।
बुधवार को जांच टीम ने खुटहन थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह और पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचकर दस्तावेजों तथा संचालन व्यवस्था की जांच की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में अस्पताल के संचालन में कई अनियमितताएं मिलीं और अस्पताल के अवैध रूप से संचालित होने की बात सामने आई। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। नवजात की मौत और प्रसूता की हालत बिगड़ने से जुड़े परिजनों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
Poonam Report



