उत्तर प्रदेशबाँदा

बांदा में मवेशी से टकराई तेज रफ्तार बाइक, बिजली ठेकेदार की मौत

बांदा जिले में गुरुवार रात सड़क पर अचानक मवेशी आ जाने से एक बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने औरैया निवासी प्रभात चतुर्वेदी को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार बरसाना निवासी एजाज, मिराज और औरैया के चिरुल धाम निवासी प्रभात चतुर्वेदी बाइक से बांदा की ओर आ रहे थे। अमलोर-पिपरहरी के बीच अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर मवेशी से टकरा गई। हादसे के बाद तीनों घायल हो गए।

प्रभात चतुर्वेदी पिछले करीब छह महीने से बांदा के सिविल लाइन क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे और विद्युत विभाग से संबंधित निजी ठेकेदारी का काम करते थे। वह पैलानी क्षेत्र में बिजली से जुड़े काम के लिए गए थे और काम पूरा करने के बाद वापस लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही खपटिहा कलां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद प्रभात चतुर्वेदी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है।

प्रभात चतुर्वेदी चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी विद्या और चार वर्षीय बेटा अरनव है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button