बीएचयू और साईं इंस्टीट्यूट के बीच समझौता, ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगा शोध और तकनीक का लाभ

वाराणसी। ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार, डिजिटल तकनीक, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और साईं इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल डेवलपमेंट के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते का उद्देश्य शोध और तकनीकी समाधानों को ‘लैब से जमीन तक’ पहुंचाना है।
बुधवार शाम बीएचयू के केंद्रीय कार्यालय में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की मौजूदगी में विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव और साईं इंस्टीट्यूट के निदेशक अजय कुमार सिंह ने समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया।
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि तकनीक और नवाचार की वास्तविक उपयोगिता तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बीएचयू और साईं इंस्टीट्यूट के बीच यह सहयोग शोध और तकनीक को ग्रामीण समाज तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
साईं इंस्टीट्यूट के चेयरमैन और आईटी बीएचयू के पूर्व निदेशक प्रो. एस. एन. उपाध्याय ने कहा कि संस्थान का प्रयास नई तकनीक और नवाचार को ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों से जोड़ना है, ताकि शोध और ज्ञान का लाभ ग्रामीण समाज और आम लोगों तक पहुंच सके।
समझौते के तहत अनुसंधान, तकनीकी विकास, नवाचार, कौशल विकास, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा तकनीक हस्तांतरण और उद्यमिता विकास को भी बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।
इस सहयोग के माध्यम से किसानों और महिलाओं की आजीविका से जुड़े अवसरों, डिजिटल समावेशन तथा ग्रामीण नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। साईं इंस्टीट्यूट के निदेशक अजय कुमार सिंह ने अनुसंधान, नवाचार और आईसीटी के माध्यम से ग्रामीण आबादी को लाभ पहुंचाने के संस्थान के लक्ष्य को रेखांकित किया।
इस समझौते से बीएचयू के शोध और तकनीकी विशेषज्ञता को ग्रामीण जरूरतों से जोड़ने तथा नई तकनीकों को व्यावहारिक स्तर पर पहुंचाने के लिए संयुक्त गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
Poonam Report



