मानदेय विसंगति को लेकर प्रदेशभर के 4 हजार आयुष चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत करीब 4,000 आयुष चिकित्सकों ने मंगलवार को मानदेय और वेतन विसंगति को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारियों के माध्यम से सौंपा। चिकित्सकों ने वर्षों से चली आ रही मानदेय संबंधी समस्या का जल्द समाधान किए जाने की मांग की।
आयुष चिकित्सकों का कहना है कि वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद मानदेय के मामले में उन्हें असमानता और उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने कहा कि उनकी मांग किसी विशेष लाभ की नहीं, बल्कि उनके कार्य और जिम्मेदारियों के अनुरूप न्यायसंगत एवं सम्मानजनक मानदेय की है।
चिकित्सकों ने सरकार से मांग की है कि 20 सितंबर 2026 तक मानदेय और वेतन विसंगति दूर करने को लेकर ठोस एवं सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित इस समस्या का समाधान अब और टाला नहीं जाना चाहिए।
आयुष डॉक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश सचिव डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि यदि 20 सितंबर तक उनकी मांग के समाधान को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के आयुष चिकित्सक 21 सितंबर को धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
Poonam Report



