बिहार में आतंकी खतरे का हाईअलर्ट : नेपाल के रास्ते से घुसे तीन पाकिस्तानी आतंकवादी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

पटना: बिहार में आतंकी खतरे को लेकर हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, तीन पाकिस्तानी आतंकवादी नेपाल के रास्ते बिहार में दाखिल हो चुके हैं। ये सभी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।
विधानसभा चुनाव से पहले सतर्कता बढ़ी
बिहार पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाईअलर्ट जारी किया है। विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं, लेकिन आतंकियों की इंट्री की खबर के बाद निगरानी और कड़ी कर दी गई है।
आतंकियों की योजना
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, ये आतंकी बिहार में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने के मकसद से दाखिल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, ये आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में काठमांडू (नेपाल) पहुंचे थे और वहीं से गत सप्ताह बिहार की सीमा पार कर चुके हैं।
राहुल गांधी की यात्रा के दौरान खतरा यह अलर्ट ऐसे समय में आया है जब उत्तर बिहार में नेपाल से लगी सीमा पर राहुल गांधी अपनी यात्रा कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी यात्रा और जनसभाओं को देखते हुए निगरानी और बढ़ा दी है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
बिहार पुलिस ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों और नेपाल से सटे जिलों में गहन चेकिंग शुरू कर दी गई है। सुरक्षा बलों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।



