जौनपुर में 5 हजार भवन स्वामियों को गृह और जलकर जमा करने के नोटिस

जौनपुर नगर पालिका परिषद ने सीमा विस्तार के बाद नगर क्षेत्र में शामिल किए गए नए वार्डों में गृह और जलकर की वसूली की प्रक्रिया तेज कर दी है। मीरपुर और सैदनपुर वार्ड में भवनों का सर्वे पूरा होने के बाद करीब पांच हजार भवन स्वामियों को गृह और जलकर जमा करने के लिए नोटिस भेजे गए हैं। नगर पालिका ने नोटिस के साथ भवन से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए भी कहा है।
नगर पालिका परिषद में कुल 39 वार्ड हैं। इनमें अभी तक 31 वार्डों से नियमित रूप से राजस्व की वसूली की जा रही थी। वर्ष 2017 में सीमा विस्तार के दौरान आठ नए वार्ड नगर पालिका क्षेत्र में शामिल किए गए थे। इनमें मीरपुर और सैदनपुर वार्ड का सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि बाकी छह वार्डों में भवनों के सत्यापन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
नगर पालिका के अनुसार कलीचाबाद, चांदपुर, गंगापट्टी, डेरायूसुफ, हरदीपुर और देवचंदपुर वार्ड में भी भवनों का सत्यापन जल्द पूरा होने की उम्मीद है। सत्यापन पूरा होने के बाद इन क्षेत्रों में भी भवनों का कर निर्धारण कर गृह और जलकर की वसूली शुरू की जाएगी।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी धर्मराज ने बताया कि सीमा विस्तार के बाद नगर पालिका में शामिल किए गए नए वार्डों के भवन स्वामी भी अब कर के दायरे में आएंगे। दो वार्डों में सर्वे पूरा होने के बाद भवन स्वामियों को नोटिस भेजकर जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं। निर्धारित समय में जवाब या दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर नियमानुसार कर की वसूली की जाएगी।
नगर पालिका ने राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए कर निरीक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी भी सौंपी है। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में नगर पालिका प्रतिदिन करीब दो लाख रुपये का राजस्व वसूल रही है। नए वार्डों में कर निर्धारण और वसूली शुरू होने के बाद नगर पालिका के राजस्व में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
Poonam Report



