रायबरेली में सपा जिलाध्यक्ष और कोतवाल के बीच तीखी बहस, पुलिस ने संभाला मामला

रायबरेली शहर में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष और शहर कोतवाल के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया। घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के गेट के पास सपा छात्र सभा के सदस्यों की ओर से सदस्यता और छात्र जागरूकता अभियान के लिए शिविर लगाया गया था। इसी दौरान कॉलेज परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी भी सदस्यता अभियान चला रहे थे। सदस्यता अभियान को लेकर दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अभद्रता करने के आरोप लगाए।
विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी बीच सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र सिंह यादव भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंच गए। इसके बाद वीरेंद्र यादव और शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह के बीच भी तीखी बहस हो गई। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई और मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी हलचल बढ़ गई।
विवाद के बाद एबीवीपी कार्यकर्ता कॉलेज गेट और सड़क पर धरने पर बैठ गए। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक आशीष निगम और सिटी मजिस्ट्रेट रामअवतार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के अनुसार सदस्यता अभियान को लेकर दो संगठनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।
Poonam Report



