उत्तर प्रदेशमनोरंजनवाराणसी

वाराणसी में फरवरी 2027 में होगा बनारस लिट फेस्ट 5, अभिनेता नाना पाटेकर होंगे शामिल

वाराणसी। वाराणसी में बनारस लिट फेस्ट 5 का आयोजन अगले वर्ष चार से सात फरवरी 2027 तक किया जाएगा। सिगरा स्थित एक होटल में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजकों ने महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा की। इस बार के आयोजन को साहित्य, कला, संस्कृति और समकालीन विचारों के बड़े मंच के रूप में आयोजित करने की तैयारी है।

आयोजकों के अनुसार, चार दिवसीय बनारस लिट फेस्ट 5 का आयोजन ताज गंगेज होटल में किया जाएगा। यह बनारस लिट फेस्ट का पांचवां संस्करण होगा। इस बार आयोजन को ‘साहित्यिक महाकुंभ’ के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसमें साहित्य के साथ अनुवाद, कला, संस्कृति और समकालीन विषयों पर चर्चा होगी।

फेस्ट के कोषाध्यक्ष धवल प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि आयोजन में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय साहित्य से जुड़े प्रमुख लेखक और विचारक शामिल होंगे। इसके अलावा शिक्षाविद, कलाकार, सार्वजनिक जीवन से जुड़ी हस्तियां, उद्योग जगत और खेल जगत के प्रतिनिधियों की भी भागीदारी प्रस्तावित है।

सिनेमा जगत की हस्तियों को भी आयोजन में शामिल किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि जाने-माने अभिनेता नाना पाटेकर भी बनारस लिट फेस्ट 5 में प्रमुख रूप से शामिल होंगे। उनके शामिल होने से साहित्य और सिनेमा के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण अवसर बनने की उम्मीद है।

आयोजन के संरक्षक अशोक कपूर ने बताया कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजीत चतुर्वेदी भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। फेस्ट में विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों की सहभागिता रहेगी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय भी इस आयोजन से प्रमुख रूप से जुड़ा रहेगा।

बनारस लिट फेस्ट 5 के दौरान बीएलएफ बुक अवार्ड 2027 के तहत आठ प्रमुख श्रेणियों में सम्मान भी दिए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, पुरस्कारों के लिए नामों का चयन किया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में साहित्य और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद और विचार-विमर्श होगा।

Poonam Report.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button