
पूर्वांचल को अलग राज्य बनाने के बयान पर शिवपाल यादव ने ओमप्रकाश राजभर पर किया पलटवारदेवरिया में उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने के बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर पलटवार किया है। मंगलवार को बरहज स्थित बीआरडीबीडी पीजी कॉलेज आश्रम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शिवपाल यादव से राजभर के बयान को लेकर सवाल किया गया।
शिवपाल यादव ने राजभर की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें एक अच्छे डॉक्टर की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि राजभर को अच्छे डॉक्टर नहीं मिल रहे हैं तो वह उन्हें डॉक्टर का नाम बता सकते हैं। यह बयान शिवपाल यादव ने राजभर के हालिया राजनीतिक बयान के संदर्भ में दिया।
दरअसल, ओमप्रकाश राजभर ने हाल ही में देवरिया में आयोजित एक सभा में उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने की बात कही थी। उन्होंने पूर्वांचल को अलग राज्य बनाए जाने की स्थिति में राजभर समाज के व्यक्ति के वहां मुख्यमंत्री बनने की बात कही थी। इसी बयान को लेकर शिवपाल यादव से सवाल किया गया था।
शिवपाल यादव मंगलवार को बरहज स्थित बीआरडीबीडी पीजी कॉलेज आश्रम में पूर्व सांसद और समाजवादी चिंतक मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे थे। उन्होंने मोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मोहन सिंह के राजनीतिक और सामाजिक योगदान तथा समाजवादी आंदोलन में उनकी भूमिका को याद किया।
ओमप्रकाश राजभर के बयान पर शिवपाल यादव की प्रतिक्रिया के बाद दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी फिर चर्चा में आ गई है।
Poonam Report



