बिहार में BPSC सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) परीक्षा और BPSSC होमगार्ड हवलदार अनुदेशक भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज समदर्शी उर्फ राजा (पटना), अभिषेक कुमार (वैशाली) और नितेश कुमार (वैशाली) के रूप में हुई है। इनमें नितेश परीक्षा में बायोमेट्रिक सुपरवाइजर के रूप में तैनात था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी पहले से ही AEDO परीक्षा में सक्रिय सॉल्वर गैंग से जुड़े थे। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर हाजीपुर में कार्रवाई की गई और भर्ती परीक्षा में धांधली की साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद BPSSC होमगार्ड हवलदार अनुदेशक परीक्षा, जो 5 अगस्त को प्रस्तावित थी, उसे अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया।
आर्थिक अपराध इकाई का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पेपर लीक और परीक्षा में धांधली के पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी और पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Poonam Report



