बांका। बिहार के बांका जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फुल्लीडुमर प्रखंड के BDO अमित प्रताप सिंह को कथित तौर पर 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार को की गई।
विकास योजनाओं की मंजूरी के बदले मांगी थी रिश्वत
विजिलेंस विभाग के अनुसार, फुल्लीडुमर के प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश ने पटना स्थित विजिलेंस ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि BDO विभिन्न पंचायती राज विभाग की विकास योजनाओं के लिए प्रशासनिक स्वीकृति देने और राशि निकासी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले 75 हजार रुपये की मांग कर रहे थे।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपों का प्रारंभिक सत्यापन किया। सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
निजी आवास पर बिछाया गया जाल
रिपोर्ट के मुताबिक, विजिलेंस की टीम ने मंगलवार सुबह बांका शहर की नेहरू कॉलोनी स्थित BDO के निजी आवास पर कार्रवाई की। तय रकम 75 हजार रुपये दिए जाने के बाद टीम ने BDO को मौके पर ही पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान BDO के मामा बच्चन प्रसाद सिंह भी घर पर मौजूद थे। विजिलेंस टीम उन्हें भी पूछताछ के लिए अपने साथ बैंक सर्किट हाउस ले गई।
एक दिन पहले ही दूसरे मामले में हुई थी कार्रवाई
इस मामले ने इसलिए भी ज्यादा ध्यान खींचा है क्योंकि BDO की गिरफ्तारी से एक दिन पहले ही उनसे जुड़ा एक दूसरा विवाद सामने आया था। रिपोर्टों के अनुसार, जन्म प्रमाणपत्र जारी करने को लेकर BDO और पूर्व मुखिया संजीव मंडल के बीच विवाद और हाथापाई हुई थी। BDO की शिकायत के बाद पुलिस ने पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था।
इसके अगले ही दिन BDO के खिलाफ रिश्वत लेने की कार्रवाई होने से बांका के प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।
विशेष विजिलेंस कोर्ट में पेशी की तैयारी
BDO की गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर रही है। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए पटना स्थित विशेष विजिलेंस अदालत में पेश किए जाने की बात सामने आई है।
विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद अब यह भी जांच का विषय है कि विकास योजनाओं से जुड़े मामलों में रिश्वत की मांग केवल इसी मामले तक सीमित थी या पहले भी ऐसी शिकायतें सामने आई थीं।
Poonam Report


