उत्तर प्रदेशमिर्जापुरराज्य

मीरजापुर में बारिश के दौरान कुएं में गिरा युवक, 22 वर्षीय पवन की मौत

मीरजापुर, 12 सितंबर 2026: जिले के हलिया थाना क्षेत्र के कुसियरा गांव में शुक्रवार रात बारिश के दौरान एक युवक पैर फिसलने से खेत के पास बने पुराने कुएं में गिर गया। हादसे में 22 वर्षीय पवन कुमार कोल की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

घर लौटते समय हुआ हादसा

कुसियरा गांव निवासी पवन कुमार कोल किसी काम से सिवान की ओर गया था। इसी दौरान गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। वह बारिश के बीच घर लौट रहा था। रास्ते में एक लंबे समय से अनुपयोगी कुएं के पास से गुजरते समय उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गया।

ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे बाहर निकाला

हादसे की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों ने रस्सी की मदद से युवक को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के पिता गंगा ने बताया कि घर लौटते समय कुएं के पास पैर फिसलने से यह हादसा हुआ।

लंबे समय से अनुपयोगी था कुआं

ग्रामीणों के अनुसार यह कुआं बस्ती से दूर स्थित है और लंबे समय से इस्तेमाल में नहीं था। कुएं की सुरक्षा के लिए चारदीवारी या जगत भी नहीं बनी थी। बारिश के दौरान अंधेरा और फिसलन होने के कारण युवक हादसे का शिकार हो गया।

परिजनों ने पुलिस को नहीं दी सूचना

हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हलिया थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button