मुंडेश्वरी मंदिर में छात्रों ने किया शैक्षिक परिभ्रमण
मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के तहत मध्य विद्यालय चंदा, बक्सर के 80 छात्र हुए शामिल

बक्सर/चंदा (संवाददाता)।
मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के अंतर्गत मध्य विद्यालय चंदा, चक्की, बक्सर के लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने आज ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल मुंडेश्वरी धाम का शैक्षिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने मां मुंडेश्वरी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मंदिर के गौरवशाली इतिहास, प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक महत्ता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरेंद्र राम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षक जितेंद्र कुमार उपाध्याय ने विद्यार्थियों को मंदिर के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया। शिक्षकों ने बताया कि मुंडेश्वरी मंदिर भारत के प्राचीनतम जीवित मंदिरों में से एक माना जाता है और यह विद्यार्थियों के लिए ज्ञान एवं प्रेरणा का महत्वपूर्ण केंद्र है।
इस शैक्षिक यात्रा में शिवकृपाल पाल, बृजेश पांडेय, रमेश शर्मा, सुजीत श्रीवास्तव, मनीष वर्मा, विनय वर्मा एवं जीवन सिंह सहित अन्य शिक्षकों का सराहनीय सहयोग रहा।
विशेष योगदान नूर आलम अंसारी का रहा, जिन्होंने आज विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी संभाली और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रधानाध्यापक हरेंद्र राम ने कहा कि मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर व्यावहारिक एवं ऐतिहासिक ज्ञान से जोड़ना है, जिससे उनका बौद्धिक एवं सांस्कृतिक विकास हो सके।
परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखा गया। उन्होंने मंदिर परिसर का अवलोकन कर अनेक जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम की सफलता पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की ।



