औरैया में ट्रेन की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय युवक की मौत, पहचान के प्रयास जारी

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर शनिवार देर शाम बैसोली गांव के सामने एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। जीआरपी ने शव को मोर्चरी भेजकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बैसोली गांव के सामने खंभा संख्या 1117/18 के पास युवक डाउन लाइन पर कानपुर की ओर जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। घटना के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को अछल्दा स्टेशन पर रोका और स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इंजन की जांच के बाद करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
सूचना मिलने पर आरपीएफ कांस्टेबल मौके पर पहुंचे और गैंगमैन की मदद से ट्रैक से शव हटवाया। इसके बाद स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी फफूंद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, युवक ने सफेद शर्ट और नीले रंग की पैंट पहन रखी थी। उसके पास एक बैग भी मिला। तलाशी के दौरान जेब से हडपसर से उरई का जनरल टिकट मिला, जो 18 सितंबर की शाम का बताया गया है। बैग से कपड़े और फीता भी मिला है।
जीआरपी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि शव को पहचान के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।
Poonam Report



