उत्तर प्रदेशकानपुर

कानपुर में डीएम ने देर रात किया सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, खुले में कूड़ा मिलने पर कार्रवाई के निर्देश

कानपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने देर रात अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में खुले में कूड़ा किसी भी स्थिति में दिखाई नहीं देना चाहिए। सभी कूड़ा पड़ाव स्थलों यानी जीवीपी को समाप्त करते हुए कूड़े का समयबद्ध उठान और निर्धारित पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन व कॉम्पैक्टर अड्डों तक परिवहन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी के साथ मुख्य विकास अधिकारी और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने रात करीब 11 बजे जोन-4 और जोन-1 में वीआईपी रोड के आसपास प्रमुख मार्गों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने जीवीपी, पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन, कॉम्पैक्टर अड्डों और कूड़ा परिवहन व्यवस्था का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से कूड़ा एकत्र करने, उठान और उसके परिवहन की प्रक्रिया की जानकारी भी ली गई।

अधिकारियों को बताया गया कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों से हाथ ठेला और छोटी कूड़ा गाड़ियों के माध्यम से कूड़ा एकत्र कर पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद कूड़े को कॉम्पैक्ट कर निर्धारित व्यवस्था के तहत आगे भेजा जाता है। टीम ने कचहरी के पास स्थित जीवीपी, उर्सला के पास पोर्टेबल ट्रांसफर स्टेशन और द्वारकापुरी स्थित पोर्टेबल कॉम्पैक्टर अड्डे का भी निरीक्षण किया।

द्वारकापुरी स्थित कॉम्पैक्टर अड्डे पर दो मशीनें स्थापित मिलीं। अधिकारियों ने वहां कूड़े के संकलन, कॉम्पैक्शन और आगे परिवहन की प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके बाद कंपनी बाग चौराहे के जीवीपी का निरीक्षण कर सफाई और कूड़ा उठान की स्थिति देखी गई।

आगामी त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और घनी आबादी वाले इलाकों में नियमित सफाई के साथ कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और जहां भी खुले में कूड़ा या सफाई से जुड़ी कमी मिले, वहां तत्काल कार्रवाई करने को कहा। संबंधित विभागों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए शहर को खुले में कूड़ा मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।

Poonam Report.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button