उत्तर प्रदेशगोरखपुर

गांधी का ग्राम स्वराज आत्मनिर्भर और सशक्त गांव की परिकल्पना : श्याम बिहारी गुप्ता

कानपुर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में ‘गांधी और ग्राम स्वराज’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने गांधी के ग्राम स्वराज संबंधी विचारों पर विस्तार से चर्चा की।

श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि गांधी का ग्राम स्वराज केवल राजनीतिक या प्रशासनिक व्यवस्था की अवधारणा नहीं था, बल्कि आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सशक्त गांव की व्यापक परिकल्पना थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और युवाओं की ग्रामीण विकास में भागीदारी बढ़ाने से ग्राम स्वराज की अवधारणा को व्यवहार में उतारा जा सकता है।

उन्होंने वर्तमान कृषि और ग्रामीण परिस्थितियों के संदर्भ में गांधीवादी विचारों की उपयोगिता पर जोर दिया। स्थानीय उत्पादन, रोजगार, स्वावलंबन और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई गई। विद्यार्थियों से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए व्यावहारिक सोच विकसित करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी की ओर से गांधी जयंती सेवा अभियान के तहत किया गया। कार्यक्रम सेमिनार हॉल, स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में आयोजित हुआ। विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार पांडेय और स्कूल के निदेशक डॉ. हिमांशु त्रिवेदी समेत शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ग्राम स्वराज, ग्रामीण विकास, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भर ग्राम व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के विचारों से परिचित कराने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के अंत में स्कूल ऑफ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के सहायक आचार्य डॉ. राकेश मिश्र ने मुख्य वक्ता, अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया। इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र ओझा, डॉ. श्रेया सिंह, डॉ. दीपांजलि बाग और डॉ. हृदेश राजपूत सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

Poonam Report.

Related Articles

Back to top button