गोरखपुर से 12 एनएसएस स्वयंसेवकों का प्री-आरडी कैंप के लिए चयन, आगरा में होगा 10 दिवसीय कैंप

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के प्री-आरडी कैंप के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर के करीब 15 संस्थानों से सैकड़ों एनएसएस स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। स्वयंसेवकों ने शारीरिक दक्षता, अनुशासन, परेड कौशल और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चयन प्रक्रिया में शारीरिक परीक्षण के साथ 1600 मीटर दौड़, स्वयंसेविकाओं के लिए 800 मीटर दौड़, परेड एवं ड्रिल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को शामिल किया गया। अलग-अलग चरणों में प्रदर्शन के आधार पर छह स्वयंसेवकों और छह स्वयंसेविकाओं समेत कुल 12 एनएसएस स्वयंसेवकों का अगले चरण के लिए चयन किया गया। चयनित स्वयंसेवकों की सूची आगे की प्रक्रिया के लिए क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ की टीम को भेजी गई है।
चयन प्रक्रिया क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ के युवा अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में तथा 44वीं बटालियन एनसीसी के अधिकारियों के निर्देशन में हुई। संबंधित महाविद्यालयों के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों ने भी चयन प्रक्रिया में सहयोग किया।
चयनित 12 स्वयंसेवक 21 से 30 नवंबर 2026 तक भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय प्री-आरडी कैंप में हिस्सा लेंगे। इस कैंप में अनुशासन, परेड, शारीरिक दक्षता, सांस्कृतिक प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वयंसेवकों की दक्षता का परीक्षण किया जाएगा।
प्री-आरडी कैंप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को आगे गणतंत्र दिवस परेड-2027 में शामिल होने के लिए चयनित होने का अवसर मिलेगा। एनएसएस के अनुसार प्री-आरडी कैंप गणतंत्र दिवस परेड के लिए स्वयंसेवकों के चयन की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सत्यपाल सिंह ने चयन प्रक्रिया में सहयोग करने वाले अधिकारियों, एनसीसी अधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों और प्रतिभागी स्वयंसेवकों का आभार जताया। उन्होंने चयनित स्वयंसेवकों को आगामी चरण के लिए शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करने का संदेश दिया।
Poonam Report.



