मीरजापुर में हाईवे पर कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

मीरजापुर, 12 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में वाराणसी-रीवा हाईवे पर एक सड़क हादसे में साइकिल सवार 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना लालगंज थाना क्षेत्र में पटेहरा पांडेय गांव के मोड़ के पास रविवार देर शाम हुई। अज्ञात कार की टक्कर से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतक की पहचान पटेहरा पांडेय गांव निवासी ललई प्रजापति (52), पुत्र माता शरण प्रजापति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ललई रविवार देर शाम साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जब वह ज्ञान गंगा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर लालगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
लालगंज थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार कार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Poonam Report.



