वाराणसी में भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

वाराणसी। वरुणा नदी स्थित शास्त्री घाट पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और एससी-एसटी एक्ट के विरोध में पिछले कुछ दिनों से भूख हड़ताल कर रहे तीन प्रदर्शनकारियों को रविवार तड़के पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से हटाया। इनमें गौतम मिश्रा, बृजेश मिश्रा और सनातनी चंदन शामिल हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौके पर जुट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी सनातनी चंदन ने आरोप लगाया कि तड़के करीब चार बजे उन्हें और उनके साथियों को प्रदर्शन स्थल से हटाकर हिरासत में लिया गया। उन्होंने महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने और टेंट-पंडाल हटाए जाने का आरोप लगाया। बाद में तीनों को अस्पताल ले जाया गया।
वहीं, वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के वरुणा जोन कार्यालय के अनुसार तीनों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य चिकित्साधिकारी की रिपोर्ट में आमरण अनशन कर रहे तीनों लोगों की स्वास्थ्य स्थिति खराब बताई गई थी। इसी के आधार पर उन्हें चिकित्सा के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
Poonam Report.



