उत्तर प्रदेशगाजियाबादराज्य

गाजियाबाद: ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग में मिला युवक का शव, करंट लगने की आशंका; पास से कटर और प्लास बरामद

गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में बृहस्पतिवार सुबह ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग के पास एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, यह ट्रांसफार्मर बालाजी बाइक की दुकान के सामने लगा हुआ है। सुबह लोगों ने बैरिकेडिंग के अंदर युवक को पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि युवक के पास से एक कटर, प्लास और कुछ कटे हुए तार मिले हैं। इन सामानों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवक तार या ट्रांसफार्मर के किसी हिस्से को चोरी करने के प्रयास में वहां पहुंचा होगा। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आया और हादसा हो गया। हालांकि घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस की प्रारंभिक आशंका के मुताबिक करंट लगने के बाद युवक ऊपर से नीचे गिरा, जिससे उसकी मौत हुई हो सकती है। शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में युवक की पहचान से संबंधित जानकारी जुटा रही है और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने युवक की पहचान और हादसे के कारणों की पुष्टि नहीं की है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button