गोरखपुर में सीएम योगी ने जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के दिए निर्देश

गोरखपुर में सीएम योगी ने जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के दिए निर्देशगोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जरूरतमंदों के इलाज में मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को पात्र जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड जल्द बनवाने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री करीब 150 लोगों से मिले और उनके प्रार्थना पत्रों को देखा। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देवरिया से पहुंचे एक दिव्यांग व्यक्ति ने इलाज के लिए सहायता की मांग की। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री को पता चला कि उसका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द उसका आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। बातचीत में यह भी सामने आया कि उसकी दिव्यांग पेंशन पहले मिल रही थी, लेकिन किसी कारण से बंद हो गई थी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पेंशन बहाल कराने के लिए भी निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लोगों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। यदि आयुष्मान कार्ड के बाद भी किसी जरूरतमंद को उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता की आवश्यकता होगी तो विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर की गोशाला में गोसेवा भी की। उन्होंने गोवंश को गुड़ खिलाया और गोशाला के कर्मचारियों से उनके स्वास्थ्य तथा टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने गोवंश की देखभाल को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
Poonam Report



