गोरखपुर में 11 साल से फरार 25 हजार के इनामी हत्यारोपित गिरफ्तार

गोरखपुर के गगहा थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करीब 11 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी हत्यारोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गगहा थाना क्षेत्र के सोहगौरा गांव निवासी राजदेव प्रजापति के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मामला वर्ष 2014 का है। 13 दिसंबर 2014 को राजदेव प्रजापति पर आरोप है कि उसने एक व्यक्ति को दावत के लिए बुलाया था। पुलिस के अनुसार दावत में भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। घटना के संबंध में मिली शिकायत के आधार पर गगहा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुकदमे में वांछित चल रहे राजदेव प्रजापति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयास कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने पुराने और लंबित मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गगहा पुलिस टीम को राजदेव प्रजापति को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
Poonam Report



