उत्तर प्रदेशजौनपुरबड़ी खबर

जौनपुर में होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान 15 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी

जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम, सिद्धिकपुर में मंगलवार को उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान तेज धूप और गर्मी के कारण 15 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। दौड़ में शामिल कई अभ्यर्थी अचानक गिर पड़े और उन्हें चोटें भी आईं। घटना के बाद सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को उपचार के लिए उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध अस्पताल, सिद्धिकपुर ले जाया गया।

भर्ती प्रक्रिया के तहत स्टेडियम में शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही थी। तेज धूप और गर्मी के बीच अभ्यर्थी दौड़ में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान नितेश निवासी जमुनिया, गाजीपुर, राजकुमार निवासी भट्ठी, गाजीपुर और सत्यम निवासी गाजीपुर समेत 15 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। कुछ अभ्यर्थी दौड़ के दौरान मैदान में गिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों की सहायता से अभ्यर्थियों को स्टेडियम से बाहर लाया गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। इस भर्ती परीक्षा में गाजीपुर, बलिया और आसपास के अन्य जिलों से भी अभ्यर्थी शामिल होने पहुंचे थे।

सिद्धिकपुर बूथ चौकी प्रभारी जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, कुल 15 अभ्यर्थियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। इनमें से 12 अभ्यर्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन अभ्यर्थियों का इलाज जारी रहा।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button