आकाशीय बिजली से दो मासूम बच्चों की मौत, मातम में डूबा गाँव

आकाशीय बिजली से दो मासूम बच्चों की मौत, मातम में डूबा गाँव
सुल्तानपुर गौर (गोसाईपुर), करंजाकला, जौनपुर | 17 सितंबर 2025
बुधवार दोपहर सुल्तानपुर गौर (गोसाईपुर) ग्रामसभा में उस समय चीख-पुकार मच गई जब खेत की ओर गए दो मासूम बच्चे आकाशीय बिजली की चपेट में आकर काल के गाल में समा गए। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
मृतकों की पहचान किशन वनवासी (पुत्र लालमन वनवासी, उम्र 15 वर्ष) और अतुल वनवासी (पुत्र बुद्धिराम वनवासी, उम्र 12 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बच्चे रोज़ की तरह अपने काम से खेत की ओर गए थे। अचानक मौसम ने करवट ली और गरज-चमक के साथ जोरदार बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों आ गए। घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही गाँव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुँच गए और बच्चों के शवों को घेरकर रोने-बिलखने लगे।
सूचना पर ग्राम प्रधान आनंद एवं समाजसेवी सूर्य प्रकाश यादव तत्काल मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्रशासन को सूचित किया और स्थानीय लेखपाल को घटनास्थल पर बुलवाया। प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी कर आगे की कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवज़ा दिया जाए। उनका कहना है कि गरीब परिवार के इन बच्चों की असमय मौत ने न सिर्फ घर की खुशियाँ छीन लीं बल्कि पूरे गाँव को शोक में डुबो दिया है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। हर कोई यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि “ईश्वर से बड़ी ताक़त कोई नहीं, लेकिन बच्चों को इस तरह खोना असहनीय है।”



