गोरखपुर में बन रहे कल्याण मंडपम, कम आय वर्ग के परिवारों को मिलेंगी रियायती सुविधाएं

गोरखपुर। कम और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को शादी-विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक और किफायती स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोरखपुर में कल्याण मंडपम की श्रृंखला तैयार की जा रही है। इसी क्रम में वार्ड नंबर 54 उर्वरक नगर के जंगल नकहा नंबर दो में नया कल्याण मंडपम बनकर तैयार हो गया है। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 सितंबर को करेंगे।
मुख्यमंत्री की ओर से गोरखपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम को ऐसे मंडपम विकसित करने का विजन दिया गया था, ताकि निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोगों को महंगे मैरिज हाउस के विकल्प के रूप में बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके तहत मुख्यमंत्री की विधायक निधि से भी धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
जंगल नकहा नंबर दो में बने कल्याण मंडपम का निर्माण 2461 वर्गमीटर भूमि पर लगभग 3.08 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। दो मंजिला भवन में करीब 300 लोगों की क्षमता के साथ विभिन्न प्रकार के सामाजिक, पारिवारिक और उत्सवी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
कल्याण मंडपम में बड़ा हॉल, किचन, स्टोर, कार्यालय और चेंज रूम के साथ महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं। परिसर में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा परिसर में लॉन और फव्वारा भी विकसित किया गया है।
इस सुविधा का इस्तेमाल विवाह समारोह के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और सामूहिक आयोजनों के लिए भी किया जा सकेगा। इससे स्थानीय लोगों को अपने पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
गोरखपुर में अब तक सात कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम, जंगल बेनी माधव और बशारतपुर के कल्याण मंडपम शामिल हैं। जंगल नकहा नंबर दो का मंडपम इस श्रृंखला का आठवां केंद्र होगा।
इसके अलावा जीडीए की ओर से वार्ड नंबर सात महादेव झारखंडी और वार्ड नंबर दो बाबा राघवदास नगर के सेमरा में दो अन्य कल्याण मंडपम का निर्माण भी कराया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं पर करीब ढाई-ढाई करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री अपने गोरखपुर दौरे के दौरान इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के तारामंडल स्थित भवन में स्थापित चैरिटेबल ब्लड सेंटर का उद्घाटन भी करेंगे।
Poonam Report



