उत्तर प्रदेशबड़ी खबरवाराणसी

काशी से वडनगर रवाना होंगे 500 सेवा यात्री, योगी और राजनाथ सिंह दिखाएंगे सेवा संकल्प बाइक यात्रा को हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। इसी क्रम में काशी से वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रम रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा।

इस यात्रा में काशी से करीब 500 सेवा यात्री बाइक पर वडनगर के लिए रवाना होंगे। यात्रा 10 अलग-अलग मार्गों से आगे बढ़ेगी और उत्तर प्रदेश में करीब 50 जिलों, 88 रात्रि विश्राम तथा 187 पड़ावों से होकर गुजरेगी। इसमें अलग-अलग राज्यों से आने वाले युवा भी शामिल होंगे। यात्रा के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

यात्रा की शुरुआत से पहले काशी विश्वनाथ धाम में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। सेवा यात्री गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके साथ ही 11 हवन कुंडों पर हवन, मंत्रोच्चार और अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे। यात्रियों का तिलक किया जाएगा और साधु-संतों का आशीर्वाद भी लिया जाएगा।

आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। यात्रा के दौरान लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, सहकारी योजनाओं के लाभार्थियों, युवाओं तथा पीएम श्री, नवोदय और केंद्रीय विद्यालयों से जुड़े लाभार्थियों से संवाद की योजना है। आयोजकों ने मंचीय भाषणों की तुलना में सेवा गतिविधियों को अधिक महत्व देने पर जोर दिया है।

17 सितंबर को करीब 50 सेवा यात्रियों को सुबह 9:30 बजे काशी विश्वनाथ धाम पहुंचाने के बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर लाने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए यात्रियों के ठहरने, भोजन, वाहनों और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button