बाराबंकी: जेबीएस इंस्टीट्यूट में माता फूलमती सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

पुण्यतिथि पर भावपूर्ण पुष्पांजलि कार्यक्रम एवं भंडारे का आयोजन
रमेश चंद्र यादव
संवाददाता
जस्ट एक्शन (बाराबंकी)।बंदी का पुरवा स्थित जेबीएस इंस्टीट्यूट में स्मृतिशेष माता श्रीमती फूलमती सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के संरक्षक एवं संस्थापक तथा विधान परिषद सदस्य अंगद कुमार सिंह एवं प्रबंधक पूनम सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के अंतर्गत सुंदरकांड पाठ एवं हवन संपन्न हुआ, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शिवानी, मनीषा, शालू, मानसी एवं आकांक्षा सहित अन्य विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
पुण्यतिथि के अवसर पर संस्थान परिसर में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में हरख ब्लॉक प्रमुख रवि रावत, युग निर्माण इंटर कॉलेज के प्रबंधक परिपूर्णा नंद सहित अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने स्मृतिशेष माता श्रीमती फूलमती सिंह के संस्कारों एवं समाज के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंत में संस्थान परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Posted by Nirupam pandey



