बस्ती में नीलगाय के हमले से पूर्व प्रधान की मौत, खेत की निगरानी के लिए निकले थे

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेहार के पूर्व प्रधान जैसराम की रविवार सुबह नीलगाय के हमले में मौत हो गई। घटना बेहरा-सिंघोरिया मार्ग के बीच गन्ने के खेत के पास हुई। बताया गया कि जैसराम अपने खेत की देखरेख के लिए निकले थे, इसी दौरान अचानक नीलगाय ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जैसराम की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। सबसे बड़े बेटे सूरज कुमार की शादी हो चुकी है, जबकि उनके दो बेटे रोहित कुमार और मोहित कुमार मुंबई में रहकर जीविकोपार्जन करते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों के मुताबिक इलाके में गन्ने के खेतों और आसपास नीलगायों की मौजूदगी बनी रहती है। अचानक नीलगायों के सामने आने और हमले की घटनाओं को लेकर किसानों में भी चिंता बनी हुई है। पूर्व प्रधान की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है।
कप्तानगंज थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया जैसराम की मौत नीलगाय के हमले से होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने भी घटना की जानकारी दी है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
Poonam Report



