देवरिया में डीएम ने विद्युत उपकेंद्र का किया औचक निरीक्षण, निर्बाध बिजली आपूर्ति के दिए निर्देश

देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भटवलिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, उपकरणों की स्थिति और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से उपकेंद्र से जुड़े विद्युत फीडरों, बिजली आपूर्ति की स्थिति और उपभोक्ताओं को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि उपकेंद्र और उससे जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह क्रियाशील रखी जाएं, ताकि बिजली आपूर्ति में अनावश्यक बाधा न आए।
डीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं को नियमित, निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बिजली आपूर्ति से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर निर्धारित समय में समाधान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उपकेंद्र के उपकरणों और जरूरी संसाधनों का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फाल्ट और शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्युत व्यवस्था की लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Poonam Report



