उत्तर प्रदेशगोरखपुर

सदर तहसील समाधान दिवस में 147 फरियादियों ने रखीं समस्याएं, 10 मामलों का मौके पर निस्तारण

गोरखपुर के सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 147 लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने इनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, नगर निगम, परिवार रजिस्टर, तालाब और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र आए। एसडीएम और संबंधित अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

जंगल बेनीमाधव नंबर-दो निवासी अमरनाथ ने अपनी करीब 11 डिसमिल पुश्तैनी कृषि भूमि पर कथित कब्जे की शिकायत की। उन्होंने भूमि से संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने शिकायत को संबंधित विभाग को भेजते हुए आवश्यक जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।

राप्तीनगर फेज-4 स्थित भाऊराव देवरस कॉलोनी के एक सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियर ने खाली पड़े प्लॉट संख्या के-13 में जमा कूड़े और मकान के टूटे मलबे को हटाने की शिकायत की। वहीं जंगल रानी सोहास कुंवरी टोला गड़वा निवासी सुजीत साहनी ने ग्राम सभा की भूमि पर स्थित पोखरे के पट्टे के आवंटन और उसके सुंदरीकरण की मांग रखी।

पिपराइच क्षेत्र के अगया छोटा टोला निवासी सुनील सिंह ने परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। अधिकारियों ने इन शिकायतों को भी संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

एसडीएम सदर ने अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि मामलों की जांच कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button