उत्तर प्रदेशजौनपुरबड़ी खबर

जौनपुर में जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक किट और चॉकलेट वितरित

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से देवकली गांव में संचालित निःशुल्क प्रेरणा पाठशाला के 64 मेधावी छात्र-छात्राओं को बुधवार को शैक्षणिक किट और चॉकलेट वितरित की गई। यह कार्यक्रम अपोलो पाइप्स लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) पहल के तहत आयोजित किया गया।

विश्वविद्यालय परिसर स्थित उमानाथ सिंह इंजीनियरिंग संस्थान के स्मार्ट क्लास में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के विकास के साथ राष्ट्र के भविष्य को भी मजबूत करती है। वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने से समाज के विकास को गति मिलती है।

कुलपति ने बच्चों को स्कूल बैग, पानी की बोतल, पेंसिल किट और बिस्कुट वितरित किए। बाद में किट में चॉकलेट नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने चॉकलेट मंगाकर बच्चों के बीच वितरित की।

प्रेरणा पाठशाला के संस्थापक एवं गणित विभागाध्यक्ष प्रो. राज कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 से विश्वविद्यालय के समीप देवकली गांव में जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क शिक्षा देने के उद्देश्य से पाठशाला संचालित की जा रही है।

अपोलो पाइप्स लिमिटेड के डिप्टी रीजनल सेल्स मैनेजर शशिभूषण सिंह ने कहा कि कंपनी सीएसआर के माध्यम से शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. इंद्रेश कुमार ने किया। इस दौरान प्रो. सौरभ पाल, डॉ. नृपेंद्र सिंह, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. सुनील कुमार, प्रशांत कुमार और डॉ. लक्ष्मी प्रसाद मौर्य समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button