विकसित राष्ट्र के लक्ष्य में सभी की भागीदारी जरूरी, शिविर में योजनाओं की जानकारी

मीरजापुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जमालपुर ब्लॉक परिसर में शिविर आयोजित किया गया। चुनार विधायक अनुराग सिंह ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी ली।
इस दौरान विधायक ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने वंचित और पात्र लोगों से शिविर में पंजीकरण कराने की अपील की।
शिविर में दो गर्भवती महिलाओं मलावती देवी और सोनाली देवी की गोदभराई की गई। वहीं परी और उमाशंकर का अन्नप्राशन कराया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत संतरा देवी, ललिता देवी, छोटकी देवी और शीला देवी सहित अन्य लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
विधायक ने बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और आपूर्ति विभाग के स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर तैयार व्यंजनों का भी जायजा लिया।
कार्यक्रम में बीडीओ रक्षिता सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष मिश्रा ने किया।
Poonam Report



