वाराणसी में गंगा स्वच्छता का संकल्प, नदियां स्वच्छ होंगी तो बढ़ेगा पर्यटन

वाराणसी। विश्व नदी दिवस और विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को वाराणसी के पर्यटन स्थल नमो घाट पर गंगा स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने गंगा तट की सफाई करते हुए लोगों को नदी को स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाया।
अभियान के दौरान संदेश दिया गया कि नदियां स्वच्छ रहेंगी तो पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। स्वच्छ नदी और घाट पर्यटकों को आकर्षित करते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि नदियां किसी भी सभ्यता के विस्तार का आधार हैं और गंगा भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा में यात्रा या तीर्थाटन के दौरान जिम्मेदार पर्यटक की भूमिका निभाएं और नदी में किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा न डालें।
कार्यक्रम में अविनाश तिवारी, रुचि पाठक, गोल्डी पाठक, अविनाश पाठक, विशाल भारद्वाज सहित कई पर्यटकों ने सहभागिता की।
Poonam Report.



