उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

अलीगंज में बनेगा लखनऊ का सबसे बड़ा हेल्थ और स्पोर्ट्स कॉरिडोर, 6.50 करोड़ रुपये होंगे खर्च

लखनऊ के अलीगंज में शहर का सबसे बड़ा हेल्थ और स्पोर्ट्स कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। अलीगंज के सेक्टर-ओ में करीब 14.71 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाली इस परियोजना पर लगभग 6.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कॉरिडोर को सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी पीपीपी मॉडल के साथ विकसित किया जाएगा, जबकि कुछ कार्य एलडीए स्वयं कराएगा।

परियोजना के तहत 6.31 एकड़ जमीन पर एलडीए करीब छह करोड़ रुपये की लागत से तीन अलग-अलग थीम वाले पार्क विकसित करेगा। अलीगंज स्टेडियम के पास 2.55 एकड़ क्षेत्र में बच्चों के लिए विशेष पार्क बनाया जाएगा। इसमें बच्चों के खेलने और मनोरंजन की सुविधाओं के साथ साइकिल ट्रैक भी होगा।

कॉरिडोर से गुजरने वाले नाले को भी आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इसे दक्षिण कोरिया के सियोल स्थित चेओंगग्येचियोन स्ट्रीम की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। नाले के दोनों किनारों पर पैदल चलने के लिए पथ, हरियाली और लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इससे क्षेत्र में खुले और हरित स्थान बढ़ेंगे तथा लोगों को स्वास्थ्य और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं मिल सकेंगी।

यह परियोजना अलीगंज के साथ पुरनिया, कपूरथला और जानकीपुरम जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में खुले पार्कों की कमी को पूरा करने में भी मदद करेगी। योजना के अनुसार पूरे कॉरिडोर को चार हिस्सों में बांटा गया है। उत्तरी छोर पर 8.40 एकड़ का सबसे बड़ा हिस्सा होगा, जबकि बीच के हिस्से 2.38 एकड़ और 1.38 एकड़ के होंगे। दक्षिणी छोर पर अलीगंज स्टेडियम के पास 2.55 एकड़ जमीन में बच्चों का पार्क विकसित किया जाएगा।

एलडीए के अनुसार परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली, खेल, पैदल चलने और मनोरंजन की सुविधाओं को एक साथ विकसित करना है। इससे आसपास के लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थान मिलने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button