बीएचयू पहुंचे राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य, छात्रों और शिक्षकों से किया संवाद

वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य डॉ. पार्थ बिस्वास और आयोग के निदेशक उत्तम प्रकाश ने परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और विद्यार्थियों से संवाद कर अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी ली।
दौरे के दौरान विश्वविद्यालय में अनुसूचित जाति समुदाय के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पदों की स्थिति तथा शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने विश्वविद्यालय में संचालित व्यवस्थाओं और समुदाय से जुड़े विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
केंद्रीय कार्यालय समिति कक्ष में आयोजित बैठक में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने आयोग के सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नियमों और कानूनों से जुड़े विषयों को समझने के लिए खुले मन से संवाद जरूरी है। उन्होंने आयोग के सदस्यों के अनुभव और ज्ञान के माध्यम से विभिन्न विषयों के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
कुलपति ने बताया कि बीएचयू में अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े करीब 300 शिक्षक कार्यरत हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय में इस समुदाय की भागीदारी के साथ सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास किए जाने की बात कही।
बैठक के दौरान डॉ. पार्थ बिस्वास ने विश्वविद्यालय से संबंधित आंकड़ों और सूचनाओं के संकलन का उल्लेख किया। अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों ने प्रवेश के समय फीस जमा करने, छात्रवृत्ति, शैक्षणिक मार्गदर्शन, परामर्श और सहयोग से जुड़ी अपनी आवश्यकताओं की जानकारी आयोग के सदस्य के सामने रखी।
डॉ. पार्थ बिस्वास ने विश्वविद्यालय के छात्रावासों का भी दौरा किया और विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं तथा अनुभवों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र योजना से जुड़े विद्यार्थियों से भी संवाद किया।
आयोग के सदस्यों ने विश्वविद्यालय में अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बीएचयू के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ के संपर्क अधिकारी एवं उपकुलसचिव मोतीचंद प्रसाद ने संभाली। बैठक का संचालन प्रो. आर.एन. खरवार ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. राजन श्रीवास्तव, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अवधेश कुमार, छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह सहित विभिन्न अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।
Poonam Report



