कनाडा में फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान दो भारतीय छात्रों की मौत, शव भारत लाने में जुटा दूतावास
कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण के दौरान हुए एक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण तिरुग्नानसंबंथम के रूप में हुई है। घटना की जानकारी भारतीय मिशन की ओर से दी गई है।
वैंकूवर स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने दोनों छात्रों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। दूतावास ने कहा कि इस मुश्किल समय में उसकी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं।
महावाणिज्य दूतावास ने दोनों छात्रों के पार्थिव शरीर भारत लाने की प्रक्रिया में परिवारों को हरसंभव वाणिज्य दूतावास संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश में किसी भारतीय नागरिक की मृत्यु के बाद स्थानीय प्रक्रियाओं के तहत मिशन संबंधित अधिकारियों और परिजनों के साथ समन्वय कर पार्थिव शरीर भारत लाने में मदद करता है।
उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, दोनों छात्र कनाडा में उड़ान प्रशिक्षण ले रहे थे। हादसे के कारणों से संबंधित विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है और स्थानीय स्तर पर घटना की जांच की जा रही है।
इस हादसे की खबर के बाद दोनों छात्रों के परिवारों और परिचितों में शोक का माहौल है। भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
Poonam Report



