बीएचयू में इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन पांच टीमों ने दर्ज की जीत

वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में मंगलवार को इंटर फैकल्टी वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के डीन प्रो. सुजीत कुमार दुबे ने किया। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की उपाध्यक्ष प्रो. अर्चना सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. ए.के. नेमा ने स्वागत भाषण दिया।
आयोजन सचिव डॉ. रोबिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल नौ पुरुष टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन के बाद पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पहले मुकाबले में कला संकाय ने वाणिज्य संकाय को सीधे सेटों में 25-13 और 25-18 से हराया। दूसरे मैच में विज्ञान संस्थान ने एसवीडीवी को 25-18 और 25-14 से पराजित किया। सामाजिक विज्ञान संकाय ने डीएवी कॉलेज के खिलाफ 25-21 और 25-16 से जीत दर्ज की।
चौथे मुकाबले में राजीव गांधी दक्षिणी परिसर (आरजीएससी), बरकच्छा ने एग्रीकल्चर साइंस को 25-21 और 25-19 से मात दी। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला एसवीडीवी और एजुकेशन के बीच हुआ, जिसमें तीन सेट तक चले संघर्ष के बाद एसवीडीवी ने 2-1 से जीत हासिल की। एसवीडीवी ने पहला सेट 25-15 से जीता, एजुकेशन ने दूसरे सेट में 25-22 से वापसी की, लेकिन निर्णायक तीसरे सेट में एसवीडीवी ने 25-19 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
उद्घाटन समारोह में वॉलीबॉल के अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रो. निर्मला होरो, प्रो. मीनू लकरा, प्रो. संजय सोनकर, डॉ. किरण आर्या समेत कई संकाय सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता के संचालन में सचिव डॉ. कविता वर्मा, उप-निदेशक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग किया।
प्रतियोगिता के मुकाबलों के लिए निर्णायक मंडल में आशीष तिवारी, शिव शंकर यादव, नितेश यादव, आनंद शुक्ला, प्रिय रंजन सिंह और राहुल यादव ‘बाबा’ शामिल रहे।
Poonam Report



